Skip to content

बिलासपुर हाईवे पर भीषण हादसा: ट्रेलर-स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में 4 की मौत, 1 की हालत नाजुक

शादी की 25वीं सालगिरह से लौट रहे थे सभी; रॉन्ग साइड में आए ट्रेलर ने मारी टक्कर, दो घंटे की मशक्कत के बाद निकाले गए शव

बिलासपुर, 27 फरवरी।

रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम संबलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस के अनुसार, रात करीब 2 बजे ट्रेलर (CG 11 BD 9044) सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर जा रहा था। इसी दौरान ट्रेलर अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में पहुंच गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो (CG 04 MQ 4220) को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी अपनी चपेट में लेते हुए पलट गया। स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग अंदर ही फंस गए।

गैस कटर से निकाले गए शव

घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। वाहन में फंसे लोगों को निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

सालगिरह की खुशियां मातम में बदलीं

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में पांच लोग सवार थे, जो ग्राम संबलपुरी स्थित यादव ढाबा में आयोजित एक पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह समारोह में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम से लौटते ही कुछ ही दूरी पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक तखतपुर-मुंगेली क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और परिजन बिलासपुर पहुंचने लगे।

जांच में जुटी पुलिस

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका है कि तेज रफ्तार और लापरवाही इस दुर्घटना का कारण हो सकती है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena