Skip to content

बिलासपुर से दिल्ली के लिए 3 मई से शाम की सीधी उड़ान शुरू, कनेक्टिविटी को मिलेगा नया आयाम

बिलासपुर। बिलासा देवी केवट हवाई अड्डा के लिए 3 मई का दिन ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। एलायंस एयर द्वारा इस दिन से बिलासपुर से दिल्ली के लिए सीधी शाम की विमान सेवा शुरू की जा रही है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद शुरू हो रही इस सेवा के तहत विमान शाम 6:20 बजे बिलासपुर पहुंचेगा और 6:45 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगा। यह उड़ान रात 9:25 बजे दिल्ली पहुंचेगी। प्रारंभिक चरण में यह सेवा सप्ताह में एक दिन रविवार को संचालित की जाएगी, जिसे यात्रियों की मांग के अनुसार भविष्य में सप्ताह में दो दिन तक बढ़ाने की योजना है।

इस नई सुविधा से यात्रियों को अब दिनभर के कार्यों के बाद सीधे राजधानी के लिए यात्रा करने का विकल्प मिलेगा। विशेष रूप से व्यावसायिक, शासकीय और निजी कार्यों से यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह सेवा बेहद सुविधाजनक साबित होगी। साथ ही शाम के समय उड़ान संचालन से ‘लोड पेनल्टी’ जैसी तकनीकी बाधाएं भी कम होंगी, जिससे विमान अपनी पूरी क्षमता के साथ उड़ान भर सकेंगे और अधिक सीटें उपलब्ध हो सकेंगी।

यह सीधी हवाई सेवा न केवल बिलासपुर, बल्कि पूरे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति देने में सहायक होगी। बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार, पर्यटन और निवेश के अवसर बढ़ेंगे, जिससे क्षेत्र को विकास की नई दिशा मिलेगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri