Skip to content

बिजली दर वृद्धि पर कांग्रेस का तीखा हमला, जनता की जेब पर डाका डाल रही भाजपा सरकार : रायगढ़ कांग्रेस

रायगढ़। छत्तीसगढ़ में 1 जुलाई से बिजली दरों में होने जा रही वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नागेन्द्र नेगी ने इसे जनविरोधी निर्णय बताते हुए कहा कि महंगाई से परेशान जनता की जेब पर एक और बोझ डालने का काम भाजपा सरकार कर रही है।

जारी बयान में कहा कि छत्तीसगढ़ देश को सबसे अधिक कोयला और बिजली देने वाले राज्यों में शामिल है, लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि यहां के नागरिकों को ही लगातार महंगी बिजली का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रही है, ऐसे समय में बिजली दरों में वृद्धि करना जनता के साथ अन्याय है।

वहीं कांग्रेस प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बिजली व्यवस्था में सुधार करने के बजाय अपनी नाकामियों का बोझ सीधे उपभोक्ताओं पर डाल रही है। उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों, छोटे व्यापारियों तथा मध्यम वर्गीय परिवारों पर इस फैसले का सबसे अधिक असर पड़ेगा। सरकार को यह बताना चाहिए कि आखिर बिजली कंपनियों के घाटे और प्रशासनिक कमियों की कीमत आम जनता क्यों चुकाए।

तारेन्द्र डनसेना ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता को राहत देने का दावा करने वाली भाजपा सरकार अब हर क्षेत्र में लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ लाद रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार जनहित से अधिक वसूली की राजनीति में विश्वास करती है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने राज्य सरकार से बिजली दर वृद्धि के निर्णय को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि जनता के हितों की अनदेखी जारी रही तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर व्यापक जनआंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता के साथ खड़ी है और उनके हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Taran

Taran