Skip to content

प्रधानमंत्री आवास योजना में लापरवाही! ग्राम पंचायत सचिव जीवन लाल राठिया निलंबित

निर्माण कार्य में रुचि न लेने और आदेशों की अवहेलना पर प्रशासन ने उठाया सख्त कदम

रायगढ़, 6 मार्च 2026: प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना के निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने के मामले में ग्राम पंचायत नगोई के सचिव जीवन लाल राठिया को प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देश पर की गई है।

लापरवाही और अवहेलना के आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी के प्रतिवेदन में पाया गया कि सचिव निर्माण कार्यों को पूर्ण कराने में रुचि नहीं ले रहे थे। इसके साथ ही उच्च अधिकारियों के आदेशों और निर्देशों की अवहेलना करते हुए अपने पदीय कर्तव्यों और दायित्वों का निर्वहन लापरवाही से किया जा रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए 11 फरवरी 2026 को सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके जवाब में 18 फरवरी 2026 को प्रस्तुत जवाब प्रशासन को समाधानकारक नहीं लगा।

जांच में उनका कृत्य छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के नियम 3 के उप नियम (1)(एक)(दो)(तीन) के विपरीत पाया गया, जिसे कदाचार की श्रेणी में रखा गया।

निलंबन और भत्ते की जानकारी

इसके बाद छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम 1999 के नियम 4 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जनपद पंचायत खरसिया निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

प्रशासन का सख्त संदेश

सीईओ जिला पंचायत ने कहा:

“शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह स्पष्ट संदेश है कि योजनाओं के लाभार्थियों तक समय पर और सही तरीके से लाभ पहुँचाना हर अधिकारी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।”

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri