Skip to content

पीएम आवास का काम समय पर पूरा करने पर मिलेगा ₹32,850 तक बोनस

रायगढ़ ।शहर में प्रधानमंत्रीआवास योजना (मोर जमीन मोर मकान–बीएलसी) के कार्यों में तेजी लाने के लिए हितग्राहियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक योजना के नोडल अधिकारी एवं कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया की अध्यक्षता में हुई, जिसमें निर्माण की गुणवत्ता, समय-सीमा और किस्त भुगतान प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।

समयबद्ध निर्माण पर अतिरिक्त प्रोत्साहन

कार्यपालन अभियंता ने स्पष्ट किया कि आवास निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों और तय समय-सीमा में पूर्ण करना अनिवार्य है। समय पर निर्माण कार्य पूरा करने वाले हितग्राहियों को शासन की ओर से ₹32,850 तक का अतिरिक्त बोनस दिया जाएगा। इस घोषणा पर उपस्थित हितग्राहियों ने समयबद्ध निर्माण पूर्ण कर बोनस राशि का लाभ लेने की बात कही।

किस्त भुगतान को लेकर उठे सवाल

बैठक में कई हितग्राहियों ने प्लिंथ लेवल, डोर लेवल और लिंटर लेवल तक निर्माण पूरा होने के बावजूद किस्त समय पर नहीं मिलने की शिकायत रखी। इस पर अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक स्तर के लिए अलग-अलग चरण निर्धारित हैं और सत्यापन के बाद ही संबंधित किस्त जारी की जाती है।

हितग्राहियों को सलाह दी गई कि यदि किसी कारण से किस्त लंबित है तो वे तत्काल आवास शाखा से संपर्क कर आवश्यक आवेदन प्रस्तुत करें। ऐसे प्रकरणों में प्राथमिकता से कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

जांच के निर्देश

कुछ आवेदनों में विलंब की शिकायत पर कार्यपालन अभियंता ने मिशन प्रबंधक, मिशन प्रेरक और सहायक नोडल अधिकारियों को संबंधित मामलों की जांच कर शीघ्र किस्त जारी कराने के निर्देश दिए।

बैठक में योजना के 75 से अधिक हितग्राही, सहायक नोडल उप अभियंता ऋषि राठौर, मिशन प्रेरक खगेश साहू, सूरज सारथी सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर दिलाने के लिए विभाग पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena