Skip to content

परीक्षा से पहले शिक्षकों का प्रशिक्षण शुरू, टीचर्स एसोसिएशन नाराज… तत्काल स्थगन की मांग

कबीरधाम के पंडरिया ब्लॉक में 5 दिवसीय प्रशिक्षण पर विवाद, कहा– परीक्षा से पहले स्कूल में जरूरी हैं शिक्षक

कबीरधाम: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में वार्षिक परीक्षा से ठीक पहले शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर पंडरिया ब्लॉक में चल रहे पांच दिवसीय प्रशिक्षण को तत्काल स्थगित करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि परीक्षा से पहले छात्रों की तैयारी के लिए शिक्षकों का स्कूल में मौजूद रहना जरूरी है, ऐसे में प्रशिक्षण का समय उचित नहीं है।

पंडरिया ब्लॉक में चल रहा पांच दिवसीय प्रशिक्षण

टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार चन्द्रवंशी ने बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर के निर्देशानुसार 17 मार्च से कक्षा आठवीं की वार्षिक परीक्षा शुरू होने वाली है। इसके बावजूद पंडरिया ब्लॉक में सामाजिक विज्ञान और विज्ञान विषय के 111 शिक्षकों का 5 से 9 मार्च तक पांच दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है।

संगठन का कहना है कि इस प्रशिक्षण के कारण शिक्षक स्कूलों से बाहर रहेंगे, जिससे विद्यार्थियों की परीक्षा तैयारी प्रभावित हो सकती है।

मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान पर उठे सवाल

एसोसिएशन ने कहा कि राज्य सरकार वर्तमान सत्र 2025-26 में मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान चला रही है, जिसका उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना है। ऐसे में वार्षिक परीक्षा से ठीक पहले प्रशिक्षण आयोजित करना इस अभियान की मंशा पर सवाल खड़े करता है।

हालांकि संगठन ने स्पष्ट किया है कि उन्हें शिक्षक प्रशिक्षण से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन प्रशिक्षण के समय को लेकर गंभीर आपत्ति है।

सत्र समाप्ति के समय प्रशिक्षण क्यों?

टीचर्स एसोसिएशन ने सवाल उठाया है कि जब शिक्षा सत्र की शुरुआत 16 जून से होती है, तो जुलाई से जनवरी के बीच प्रशिक्षण क्यों नहीं कराया गया। सत्र लगभग समाप्त होने और वार्षिक परीक्षा से ठीक पहले प्रशिक्षण आयोजित करने को लेकर संगठन ने प्रशासन से जवाब मांगा है।

जानकारी के अनुसार 17 मार्च से कक्षा आठवीं की वार्षिक परीक्षा शुरू होगी, वहीं मिडिल स्कूलों में कक्षा छठवीं और सातवीं की स्थानीय परीक्षाएं 25 मार्च से 10 अप्रैल तक आयोजित की जानी हैं।

नए सत्र में प्रशिक्षण कराने की मांग

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सुझाव दिया है कि शिक्षक प्रशिक्षण के लिए जुलाई से जनवरी के बीच का समय सबसे उपयुक्त होता है। इसलिए मौजूदा प्रशिक्षण कार्यक्रम को स्थगित कर नए शिक्षा सत्र 2026-27 में आयोजित किया जाना चाहिए।

टीचर्स एसोसिएशन का कहना है कि परीक्षा से पहले छात्रों की तैयारी को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। ऐसे में यदि प्रशिक्षण कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया जाए तो विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन मिल सकेगा और परीक्षा परिणाम भी बेहतर होंगे। अब देखना होगा कि जिला शिक्षा विभाग इस मांग पर क्या निर्णय लेता है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri