Skip to content

नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म, परिजनों को भेजा आपत्तिजनक वीडियो; आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ । जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में युवती को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म करने और उसका आपत्तिजनक वीडियो परिजनों को भेजने के आरोप में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

क्या है मामला?

पीड़िता के अनुसार वर्ष 2024-25 के दौरान वह पूंजीपथरा क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान पंकज यादव (30 वर्ष), निवासी सेंदरीबहार, जिला जशपुर से हुई, जो सिंघल गेट प्लांट बंजारी में सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत था।

शिकायत के मुताबिक 20 मार्च 2025 की शाम आरोपी एक परिचित महिला के साथ पीड़िता के कमरे में पहुंचा और चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। बेसुध अवस्था का फायदा उठाकर आरोपी ने दुष्कर्म किया।

धमकी और ब्लैकमेल

पीड़िता ने बताया कि अप्रैल माह में आरोपी दोबारा उसके कमरे में पहुंचा और संबंध बनाने के लिए धमकाने लगा। भय के कारण वह अपने गांव लौट गई।

करीब एक माह पूर्व आरोपी ने कथित रूप से उसके मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो निकाल लिया और उसे पीड़िता व उसके परिजनों के मोबाइल नंबरों पर भेजने लगा, जिससे वह मानसिक रूप से अत्यंत परेशान थी।

पुलिस कार्रवाई

शिकायत मिलने के बाद पूंजीपथरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के मोबाइल की जांच में आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुआ, जिसके आधार पर प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गई हैं। मोबाइल जब्त कर विधिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पीड़िता को आवश्यक कानूनी एवं परामर्श सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena