Skip to content

नकटी भूमि पर सियासी घमासान: मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की कांग्रेस को दो टूक चुनौती- विरोध है तो विधायक लिखित में जमीन लेने से करें इनकार

रायपुर। राजधानी रायपुर के नकटी क्षेत्र में विधायकों के लिए प्रस्तावित भूमि आवंटन को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस मुद्दे पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष जनता के बीच भ्रम फैलाने और दिखावे की राजनीति कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि पार्टी वास्तव में इस भूमि आवंटन के खिलाफ है, तो उसके सभी विधायक सरकार को लिखित में पत्र देकर यह घोषित करें कि उन्हें नकटी में आवंटित जमीन नहीं चाहिए।

मंत्री जायसवाल ने स्पष्ट किया कि नकटी की भूमि का आवंटन विधायकों के लिए किया गया है और पूरी प्रक्रिया नियमानुसार संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ओर इस निर्णय का विरोध कर रही है, जबकि दूसरी ओर उसके विधायक इस सुविधा का लाभ लेने से पीछे नहीं हटेंगे। यदि कांग्रेस अपने विरोध को लेकर गंभीर है, तो उसे अपने विधायकों से लिखित में जमीन लेने से इनकार कराना चाहिए।

उन्होंने कहा कि केवल बयानबाजी और प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राजनीतिक नैतिकता का दावा नहीं किया जा सकता। जनता सब देख रही है और यह समय दोहरे मापदंड अपनाने का नहीं, बल्कि अपने रुख को व्यवहार में साबित करने का है।

गौरतलब है कि नकटी क्षेत्र में विधायकों के लिए प्रस्तावित आवासीय परियोजना को लेकर पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक बयानबाजी तेज है। विपक्ष सरकार की मंशा और प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है, जबकि सरकार इसे विधायकों के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकास की नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया बता रही है।

मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। अब सबकी निगाहें कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं कि वह मंत्री की चुनौती स्वीकार करती है या इस मुद्दे पर अपना विरोध केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित रखती है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri