Skip to content

दो माह में “ऑपरेशन आघात” का असर-रायगढ़ पुलिस ने नशे के कारोबार की तोड़ी कमर

रायगढ़,29 मार्च। जिले में नशे के विरुद्ध चलाया जा रहा “ऑपरेशन आघात” अब एक व्यापक और निर्णायक अभियान के रूप में सामने आया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह द्वारा 26 जनवरी को पदभार ग्रहण करते ही जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी थाना क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा, अफीम, जुआ-सट्टा जैसे अपराधों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद पुलिस टीमों ने सुनियोजित रणनीति के तहत लगातार छापेमारी और कार्रवाई कर मादक पदार्थों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है।

अवैध शराब पर सबसे बड़ी कार्रवाई

अभियान के तहत अवैध शराब के खिलाफ 357 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 367 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल 2845 लीटर देसी, अंग्रेजी और महुआ शराब जब्त की। इनमें 139 मामलों में 149 आरोपियों को आबकारी अधिनियम की गैर-जमानती धाराओं के तहत जेल भेजा गया। विशेष रूप से महुआ शराब पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 2612 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई का असर यह हुआ कि सीमावर्ती क्षेत्रों से विशेषकर ओडिशा से होने वाली तस्करी पर काफी हद तक रोक लगी है।

गांजा तस्करी नेटवर्क पर सटीक प्रहार

उड़ीसा मार्ग से संचालित गांजा तस्करी को रोकने के लिए पुलिस ने विशेष निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया। दो माह में 16 मामलों में 27 तस्करों को गिरफ्तार कर 100 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹25 लाख 50 हजार है। पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय तस्करी गिरोहों में हड़कंप मच गया है और कई नेटवर्क निष्क्रिय होने की कगार पर हैं।

अवैध अफीम की खेती पर कड़ी चोट

राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाया गया। तमनार और लैलूंगा क्षेत्रों में 4 प्रकरण दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन मामलों में 2963 किलो अफीम (पौधों सहित) जब्त की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹4 करोड़ 18 लाख आंकी गई है। यह कार्रवाई जिले में अब तक की सबसे बड़ी अफीम जब्ती में से एक मानी जा रही है।

कुल कार्रवाई का व्यापक आंकड़ा

“ऑपरेशन आघात” के तहत दो महीनों में कुल 394 आरोपियों पर वैधानिक कार्रवाई की गई और लगभग ₹4 करोड़ 50 लाख मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 24 वाहनों (21 दुपहिया और 3 चार पहिया) को भी जब्त किया गया है। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि पुलिस ने संगठित अपराध के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की दिशा में गंभीर प्रयास किए हैं।

जनता से सहयोग की अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जनता को इस अभियान का भागीदार बनने की अपील करते हुए कहा कि “नशे के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। यदि आपके क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित हो रही है, तो मेरे मोबाइल नंबर 9479193200 पर सूचना दें। आपकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।”

समाज में सकारात्मक संदेश

“ऑपरेशन आघात” केवल एक पुलिस कार्रवाई नहीं, बल्कि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत पहल बनकर उभरा है। इस अभियान से जहां अपराधियों में भय का माहौल बना है, वहीं आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना भी मजबूत हुई है। आने वाले समय में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहने के संकेत पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिए हैं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena