Skip to content

तीजन बाई  की तबीयत बिगड़ी, रायपुर एम्स के ICU में भर्ती

रायपुर। छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण सम्मानित लोक कलाकार तीजन बाई की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें रायपुर के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ICU में रखा है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

जानकारी के अनुसार पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण उनकी तबीयत कमजोर चल रही थी। अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिजनों द्वारा उन्हें तुरंत रायपुर स्थित एम्स अस्पताल लाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष (ICU) में भर्ती कर इलाज शुरू किया।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार न्यूरो और अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण किए जा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान मानी जाने वाली तीजन बाई ने पंडवानी लोककला को देश-विदेश तक पहुंचाया है। अपनी अद्भुत गायन शैली और प्रभावशाली मंच प्रस्तुति के कारण उन्होंने भारतीय लोककला को वैश्विक पहचान दिलाई। कला के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण जैसे उच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया है।

उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आने के बाद प्रदेशभर में चिंता का माहौल है। कला प्रेमी, सामाजिक-राजनीतिक लोग और आम नागरिक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri