Skip to content

डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत: चैत्र नवरात्रि पर स्पेशल ट्रेन की सौगात, 23 मार्च से दौड़ेगी मेमू सेवा

रायपुर । चैत्र नवरात्रि के अवसर पर इंडियन रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। कोरबा से नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) के बीच नवरात्रि मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। यह विशेष मेमू ट्रेन 23 से 28 मार्च 2026 तक संचालित होगी, जिससे डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। गाड़ी संख्या 06883/06884 कुल 63 स्टेशनों पर रुकते हुए यात्रियों को सुगम यात्रा सुविधा प्रदान करेगी।

नवरात्रि मेले के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की हैं। 19 से 27 मार्च 2026 तक गोंदिया-दुर्ग मेमू पैसेंजर का विस्तार रायपुर तक तथा रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू का विस्तार गोंदिया तक किया गया है। इसके साथ ही डोंगरगढ़-दुर्ग के बीच अतिरिक्त मेमू स्पेशल ट्रेन और 10 एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव भी डोंगरगढ़ स्टेशन पर सुनिश्चित किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को अधिक विकल्प मिल सकें।

यदि समय सारणी की बात करें तो गाड़ी संख्या 06883 इतवारी से सुबह 05 बजे रवाना होकर दुर्ग, रायपुर, तिल्दा-नेवरा, भाटापारा, बिलासपुर होते हुए शाम 7:30 बजे कोरबा पहुंचेगी। वहीं 06884 कोरबा से सुबह 05:10 बजे चलकर बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया होते हुए शाम 7:30 बजे इतवारी पहुंचेगी। इस दौरान कलमना, कामठी, भंडारा रोड, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, चांपा और उरगा सहित सभी प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, बेहतर पूछताछ सेवा, स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की है। भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था के साथ कर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन में प्राथमिक उपचार केंद्र, दवाइयों की उपलब्धता, एम्बुलेंस सेवा और 24 घंटे डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri