Skip to content

ट्रांसपोर्ट नगर के कचरा डंपिंग यार्ड में भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू – टला बड़ा हादसा

रायगढ़। बुधवार की देर शाम शहर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां स्थित कचरा डंपिंग यार्ड में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और यार्ड में पड़े कचरे के ऊंचे ढेर धू-धू कर जलने लगे। काले धुएं के गुबार से पूरा इलाका प्रभावित हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल रहा।

बार-बार हो रही घटनाएं, जिम्मेदार बेपरवाह

यह पहला मौका नहीं है जब ट्रांसपोर्ट नगर के इस डंपिंग यार्ड में आग लगी हो। पूर्व में भी यहां आगजनी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लेकिन हर बार आग नियंत्रित हो जाने के बाद व्यवस्थागत सुधार की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए। नतीजतन, एक बार फिर वही लापरवाही सामने आई है। यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में यह स्थिति और भी गंभीर रूप ले सकती है।

एसएलआरएम सेंटर होने के बावजूद वार्डों में डंपिंग

शहर में अलग-अलग स्थानों पर एसएलआरएम (Solid Liquid Resource Management) सेंटर स्थापित हैं, इसके बावजूद लगभग हर वार्ड में अस्थायी कचरा डंपिंग यार्ड बने हुए हैं। सफाई कर्मी वार्डों से कचरा एकत्र कर नियमित रूप से एसएलआरएम सेंटर तक पहुंचाने के बजाय वार्डों में ही डंप कर देते हैं। समय पर उठाव न होने के कारण कचरे के ढेर जमा हो जाते हैं, जिससे स्वच्छता अभियान की मंशा पर भी सवाल उठते हैं।

ट्रांसपोर्ट नगर स्थित डंपिंग यार्ड में भी शहर का कचरा बड़ी मात्रा में डाला जाता है। खुले में कचरा फेंके जाने और उचित प्रबंधन के अभाव में गर्मियों के मौसम में आग लगने की आशंका लगातार बनी रहती है। मंगलवार की घटना इसी लापरवाही का उदाहरण है।

रिहायशी क्षेत्र और बस स्टैंड के पास बड़ा खतरा

चिंता की बात यह है कि यह डंपिंग यार्ड ऐसे क्षेत्र में स्थित है जहां पास में बस स्टैंड मौजूद है और आवास योजना के तहत बने मकानों में दर्जनों परिवार निवास करते हैं। ऐसे में यहां बड़े पैमाने पर कचरा डंप करना और सुरक्षा उपायों की अनदेखी करना संभावित बड़े हादसे को आमंत्रण देने जैसा है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि डंपिंग यार्ड की व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाए, नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए और अग्नि सुरक्षा के स्थायी इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena