Skip to content

जांजगीर-चांपा में सनसनीखेज वारदात: पिता ने डेढ़ साल के मासूम की ईंट मारकर हत्या, आरोपी हिरासत में

जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हिर्री में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक पिता ने अपने ही डेढ़ साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने बच्चे के सिर पर ईंट से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी शिवाजी केवट (32 वर्ष) ने सुबह करीब 10 बजे अपनी पत्नी से खाना मांगा, लेकिन समय पर भोजन नहीं मिलने से वह गुस्से में आ गया। इसी बीच उसने खाट पर लेटे अपने डेढ़ साल के बेटे अनुराग को उठाया और घर के पास ले जाकर उसके सिर पर ईंट से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के दौरान बच्चे को बचाने पहुंची उसकी दादी पर भी आरोपी ने ईंट से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को काबू कर रस्सी से बांध दिया, ताकि वह भाग न सके।

परिजनों के अनुसार, आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका इलाज चल रहा था। बताया गया कि उसे हर छह महीने में इंजेक्शन दिया जाता था, जो इस बार नहीं लगाया गया था। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।

सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं घटना की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena