Skip to content

जांजगीर-चांपा में दिनदहाड़े सराफा व्यापारी से लूट, CCTV में कैद वारदात

शिवरीनारायण । छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में अपराध की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक सराफा व्यापारी के घर-सह-शॉप में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के राहौद मेन रोड की है, जहां बदमाशों ने बेहद सुनियोजित तरीके से घर में घुसकर परिवार पर हमला किया और लूट को अंजाम दिया।

सुबह के समय बनाई गई साजिश, बच्चे से ली जानकारी

घटना 19 मार्च की सुबह करीब 7:58 बजे की है। चार बदमाश मुख्य दरवाजे से घर में घुसे। उस समय घर का बच्चा स्कूल जाने के लिए तैयार बैठा था। बदमाशों ने उससे घरवालों के बारे में पूछा, जिस पर उसने बताया कि सभी अंदर हैं। इसके बाद आरोपी मौके पर छिपकर सही समय का इंतजार करने लगे।

पूजा कर रहे व्यापारी पर हमला, बेरहमी से की पिटाई

जैसे ही व्यापारी सुदीप कुमार (35) पूजा कर बाहर आए, बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया। शोर मचाने पर उनका मुंह दबा दिया और जमीन पर गिराकर हाथ-मुक्कों व लात-घूंसों से जमकर पिटाई की। इस दौरान पूजा का जल चढ़ाने वाला बर्तन भी गिर गया, जिससे घर के अन्य सदस्य सतर्क हो गए।

बच्चे की गुहार भी नहीं पिघला सकी आरोपियों का दिल

घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि व्यापारी का छोटा बच्चा रोते हुए बदमाशों के सामने हाथ जोड़कर अपने पिता को छोड़ने की मिन्नतें करता रहा। पत्नी भी बचाने दौड़ी, लेकिन बदमाशों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया। बावजूद इसके आरोपियों ने बेरहमी जारी रखी।

महज 2 मिनट में वारदात, CCTV में कैद पूरी घटना

पूरी घटना महज 2 मिनट के भीतर अंजाम दी गई। जब परिवार ने शोर मचाया तो आरोपी घबरा गए और घर में रखे दो महंगे एप्पल मोबाइल (करीब 80 हजार रुपए), एक सैमसंग कीपैड मोबाइल और कुछ जेवर लूटकर भाग निकले। घर और दुकान में लगे CCTV कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है।

एक आरोपी मौके पर पकड़ा गया, दो और बाद में गिरफ्तार

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और एक आरोपी प्रियेश कुमार बर्मन (24) को पकड़ लिया। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। इसके बाद 28 मार्च को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अकलतरा क्षेत्र के रहने वाले दो अन्य आरोपियों रवि निर्मलकर (22) और श्यामजी सिन्हा (24) को भी गिरफ्तार कर लिया।

कुल 5 आरोपी शामिल, 2 अब भी फरार

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरी वारदात में कुल 5 आरोपी शामिल थे। फिलहाल तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि मुख्य साजिशकर्ता सहित दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

डकैती की धाराओं में मामला दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने इस मामले में डकैती की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena