Skip to content

जमीन विवाद में ‘बड़ी मां’ की हत्या-छाल पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाया अंधे कत्ल का सनसनीखेज मामला

रायगढ़, 24 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेहरामार में जमीन विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि एक वृद्ध महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। “बड़ी मां” के नाम से जानी जाने वाली इस महिला की हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। लेकिन रायगढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ घंटों के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

घटना की शुरुआत तब हुई जब महिला के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए छाल पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान जंगल के झुरमुट में महिला का शव बरामद हुआ, जिससे हत्या की आशंका पुख्ता हो गई। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि महिला की बेरहमी से हाथ-मुक्कों और लात-घूसों से पिटाई कर हत्या की गई थी, और बाद में शव को मोटरसाइकिल में लादकर जंगल में फेंक दिया गया था, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।

पुलिस ने वैज्ञानिक विवेचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। सख्ती और सटीक सवालों के आगे आरोपी आखिरकार टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की पहचान आशन राठिया (36 वर्ष) निवासी बेहरामार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पूछताछ में सामने आया कि जमीन विवाद को लेकर पुरानी रंजिश थी, जिसने इस जघन्य वारदात का रूप ले लिया।

इस पूरे मामले में रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सघन जांच और पेशेवर तरीके से की गई विवेचना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर भरोसा मजबूत किया है। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने इस घटना को लेकर कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि जमीन विवाद या पारिवारिक रंजिश का हल हिंसा नहीं है, और ऐसे जघन्य अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri