Skip to content

छत्तीसगढ़ में इंफ्रास्ट्रक्चर का बड़ा कदम: NH-49 होगा फोरलेन, बिलासपुर-रायगढ़-ओडिशा कॉरिडोर से बढ़ेगी रफ्तार और व्यापार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के दूसरे सबसे बड़े शहर बिलासपुर के लिए बड़ी सौगात सामने आई है। नेशनल हाईवे-49 के शेष हिस्से को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिससे रायगढ़ होते हुए ओड़िसा तक कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी। लोक निर्माण विभाग द्वारा इस महत्वपूर्ण औद्योगिक मार्ग को उन्नत करने के लिए अकलतरा के तरौद चौक से ओडिशा सीमा तक विस्तृत योजना पर काम किया जा रहा है।

परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए इंडियन टेक्नो कंपनी को वर्क ऑर्डर जारी किया गया है और कंपनी ने तकनीकी सर्वे व डिजाइनिंग का कार्य शुरू कर दिया है। रिपोर्ट तैयार होने के बाद निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। राज्य सरकार ने 155 किलोमीटर लंबी इस परियोजना को मंजूरी दे दी है, जिसमें तरौद चौक (अकलतरा) से रायगढ़ तक 115 किलोमीटर और रायगढ़ से ओडिशा सीमा तक 40 किलोमीटर का हिस्सा शामिल है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 1200 से 1500 करोड़ रुपये आंकी गई है।

यह फोरलेन सड़क बनने से अंतरराज्यीय व्यापार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा, क्योंकि यह मार्ग औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ेगा। लॉजिस्टिक्स सेक्टर को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा और परिवहन लागत में कमी आएगी। वर्तमान में टू-लेन सड़क होने के कारण भारी वाहनों का दबाव रहता है, जिससे जाम की स्थिति बनती है, लेकिन फोरलेन बनने के बाद यातायात सुगम होगा और यात्रा समय में भी कमी आएगी।

इस परियोजना का एक महत्वपूर्ण पहलू रोजगार सृजन भी है। सड़क निर्माण और उससे जुड़ी सुविधाओं के विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। आधुनिक इंजीनियरिंग मानकों के अनुसार सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिसमें ब्लैक स्पॉट्स को खत्म करने, डिवाइडर, संकेतक और बेहतर लाइटिंग जैसी सुविधाएं शामिल होंगी, जिससे यह मार्ग न केवल तेज बल्कि सुरक्षित और सुविधाजनक भी बनेगा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri