Skip to content

चावल उत्सव से घर-घर पहुँच रहा राशन, पारदर्शिता और जनभागीदारी पर जोर

‘हर घर अन्न, हर चेहरे पर मुस्कान’ के संकल्प को साकार करने जिला प्रशासन की पहल

रायगढ़, 20 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के ‘हर घर अन्न, हर चेहरे पर मुस्कान’ के संकल्प को मूर्त रूप देने के लिए रायगढ़ जिला प्रशासन द्वारा जिले की सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में ‘चावल उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में पारदर्शिता बढ़ाना, जवाबदेही सुनिश्चित करना तथा हितग्राहियों के बीच शासन की योजनाओं के प्रति विश्वास को मजबूत करना है।

सुदूर वनांचल में कलेक्टर का निरीक्षण

कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम छाल स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर पात्रतानुसार राशन मिलने की जानकारी ली और उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित खाद्य निरीक्षक को शिकायतों के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।

दुकान का संचालन कर रही गायत्री स्व-सहायता समूह से राशन भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली गई। समूह ने बताया कि छाल में 147 अंत्योदय, 607 प्राथमिकता तथा 3 निराश्रित राशन कार्डधारी परिवार पंजीकृत हैं।

मार्च से हर माह की 7 तारीख को होगा आयोजन

शासन के निर्देशानुसार मार्च माह से प्रत्येक माह की 7 तारीख को जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों में ‘चावल उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इससे वितरण प्रणाली अधिक व्यवस्थित होगी, दुकानों पर भीड़-भाड़ कम होगी तथा हितग्राहियों को सम्मानजनक वातावरण में खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वितरण गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए तथा निगरानी में आम नागरिकों की सहभागिता भी रहे।

10 लाख से अधिक सदस्य लाभान्वित

खाद्य विभाग के अनुसार जिले में कुल 3,37,740 राशन कार्ड जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 10,61,177 सदस्यों को नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। अंत्योदय अन्न योजना, प्राथमिकता श्रेणी, एपीएल, निराश्रित एवं निशक्तजन कार्डधारकों को नियमानुसार राशन वितरण किया जा रहा है।

जिले के विभिन्न उचित मूल्य दुकानों के साथ रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के बोईरदादर वार्ड क्रमांक 48 स्थित दुकान में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भागीदारी की। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ‘चावल उत्सव’ के माध्यम से खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सम्मानजनक तरीके से प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाया जाएगा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena