Skip to content

घरघोड़ा में निगरानी बदमाश गिरफ्तार : मजदूर से लूटपाट और मारपीट करने वाला भुरू पठान पुलिस गिरफ्त में

घरघोड़ा । रायगढ़ जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में पुलिस ने एक शातिर और निगरानी सूची में शामिल बदमाश को लूटपाट, मारपीट और धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दबोच लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, सीतापुर क्षेत्र निवासी अरुण कुमार एक्का घरघोड़ा में रहकर मजदूरी करता है। 21 अक्टूबर 2025 की रात करीब 8:30 बजे वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर पिकअप वाहन की ओर जा रहा था। इसी दौरान गुप्ता होटल के पास वार्ड क्रमांक-2 निवासी मोहसीन खान उर्फ भुरू पठान (30 वर्ष) ने उसे रोक लिया। आरोपी ने पहले मजदूर के साथ गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे के लिए पैसों की मांग कर रहा था।

जब अरुण कुमार एक्का ने विरोध किया, तो आरोपी ने जबरन उसकी शर्ट की जेब से 500 रुपए निकाल लिए। इतना ही नहीं, उसने मोबाइल छीनने की भी कोशिश की, जिससे मोबाइल जमीन पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आरोपी लगातार फरार था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

गुरुवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, मोहसीन खान उर्फ भुरू पठान का आपराधिक रिकॉर्ड पुराना रहा है। वर्ष 2008 में चोरी तथा वर्ष 2010 में लूट के मामलों में उसके खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण वर्ष 2015 में उसे जिला बदर भी किया गया था। क्षेत्र में उसकी गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आम नागरिकों के साथ मारपीट, लूटपाट और भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगरानी बदमाशों और फरार आरोपियों पर हमारी लगातार नजर है। आम जनता से भी अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज में शांति और सुरक्षा का वातावरण कायम रखा जा सके।” – श्री शशिमोहन सिंह एसएसपी

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Taran

Taran