Skip to content

ग्रामीण डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम, संशोधित भारतनेट प्रोग्राम के तहत छत्तीसगढ़ को ₹3,942 करोड़ की स्वीकृति

डिजिटल कनेक्टिविटी बनेगी विकसित छत्तीसगढ़ की नई जीवनरेखा मुख्यमंत्री

रायपुर, 03 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ को डिजिटल आधारभूत संरचना के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारत सरकार के संचार मंत्रालय द्वारा संशोधित भारतनेट प्रोग्राम (Amended BharatNet Program – ABP) के अंतर्गत राज्य के लिए ₹3,942 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह राशि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाली डिजिटल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए व्यय की जाएगी।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत छत्तीसगढ़ की 11,682 ग्राम पंचायतों को रिंग टोपोलॉजी के माध्यम से जोड़ा जाएगा। रिंग टोपोलॉजी आधारित नेटवर्क संरचना न केवल अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय होगी, बल्कि नेटवर्क बाधित होने की स्थिति में भी सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने में सक्षम होगी। इससे इंटरनेट सेवाओं की गुणवत्ता और स्थिरता दोनों में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे ग्रामीण डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि डिजिटल कनेक्टिविटी अब विलासिता नहीं, बल्कि विकास की बुनियादी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से ई-गवर्नेंस सेवाओं का दायरा गांव-गांव तक विस्तारित होगा। राशन, पेंशन, प्रमाण पत्र, भूमि अभिलेख जैसी सेवाएँ अधिक पारदर्शी और त्वरित होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑनलाइन शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी, दूरस्थ अंचलों में टेलीमेडिसिन सेवाओं के माध्यम से विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह उपलब्ध हो सकेगी और ग्रामीण युवाओं को डिजिटल कौशल एवं स्टार्टअप अवसरों से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे स्थानीय उद्यमिता को भी प्रोत्साहन मिलेगा और गांवों की अर्थव्यवस्था को डिजिटल प्लेटफॉर्म से सीधा जुड़ाव प्राप्त होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल कनेक्टिविटी विकसित छत्तीसगढ़ की नई जीवनरेखा है। यह परियोजना शासन की पारदर्शिता बढ़ाने, सेवाओं की डिलीवरी को तेज करने और ग्रामीण-शहरी डिजिटल अंतर को कम करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ डिजिटल रूप से सशक्त, सुरक्षित और आत्मनिर्भर राज्य के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

डिजिटल क्रांति के इस नए अध्याय के साथ छत्तीसगढ़ के गांव अब केवल भौगोलिक इकाइयाँ नहीं रहेंगे, बल्कि वे डिजिटल भारत की मजबूत कड़ी बनकर उभरेंगे।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri