Skip to content

गौ तस्करी : डभरा क्षेत्र में बोलेरो में ठूंस दी गईं 7 गायें, गौ सेवकों ने बचाया

पशु क्रूरता देख दहल उठे लोग, कई गायों के शरीर पर मिले चोट के निशान

डभरा । सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र में शुक्रवार देर रात कथित गौ तस्करी और पशु क्रूरता का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक 7 सीटर बोलेरो वाहन में बेरहमी से 7 गायों को ठूंसकर ले जाया जा रहा था। सूचना मिलने पर सक्रिय हुई गोपाल गौ सेवा समिति ने वाहन को घेरकर गायों को मुक्त कराया। हालांकि चालक सहित तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में भारी नाराजगी है और लोग पशुओं के साथ की गई क्रूरता पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार भद्री स्थित गोपाल गौ सेवा समिति को शुक्रवार रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि सफेद रंग की बोलेरो वाहन क्रमांक CG 15 B 3075 में मवेशियों को अवैध तरीके से भरकर खरसिया रोड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही समिति के सदस्य सक्रिय हुए और वाहन का पीछा शुरू किया।

खेतों की ओर भागे आरोपी

गौ सेवकों ने भद्री के पास घेराबंदी कर बोलेरो को रोक लिया। खुद को घिरता देख वाहन चालक और उसके साथ मौजूद दो अन्य लोग चलती गाड़ी छोड़कर अंधेरे में खेतों की ओर भाग निकले। काफी तलाश के बावजूद उनका पता नहीं चल सका।

जब बोलेरो वाहन की तलाशी ली गई तो अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। वाहन की पीछे की सीटें पूरी तरह निकाल दी गई थीं और 7 गायों को बेहद अमानवीय तरीके से एक-दूसरे के ऊपर ठूंसकर भरा गया था। कई गायों के पैर बांधे गए थे ताकि वे हिल न सकें। दम घुटने जैसी स्थिति में घंटों यात्रा करने के कारण पशु बुरी तरह सहमे हुए थे।

कई गायों के शरीर पर चोट के निशान

गौ सेवकों के अनुसार गायों के शरीर पर चोट और रगड़ के निशान स्पष्ट दिखाई दे रहे थे। कुछ पशु दर्द से कराह रहे थे। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि यदि थोड़ी देर और हो जाती तो कई गायों की जान भी जा सकती थी। घटना ने क्षेत्र में पशु क्रूरता को लेकर लोगों की संवेदनाओं को झकझोर दिया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराया रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही फागुरम चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और गौ सेवा समिति के सदस्यों ने मिलकर सभी गायों को सुरक्षित वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद उनका प्राथमिक उपचार कराया गया और उन्हें गोपाल गौ सेवा समिति के संरक्षण में सौंप दिया गया।

पुलिस ने बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है। वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

क्षेत्र में बढ़ी चिंता, कार्रवाई की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जिले में लगातार सामने आ रही गौ तस्करी की घटनाएं प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही हैं। पशुओं को इस तरह ठूंसकर ले जाना केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है।

गौ सेवकों ने प्रशासन से मांग की है कि गौ तस्करी में शामिल गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सीमावर्ती मार्गों पर निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri