Skip to content

गौरव पथ में निर्माणाधीन पुलिया से भीषण जाम, एसडीएम डभरा को पत्र लिखकर त्वरित व्यवस्था की मांग

सक्ती । जिला सक्ती अंतर्गत नगर पंचायत चन्द्रपुर के मुख्य मार्ग गौरव पथ में निर्माणाधीन सड़क पुलिया के कारण प्रतिदिन भीषण जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। निर्माण कार्य के चलते मार्ग संकरा हो गया है, जिससे दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग रही है और राहगीरों को घंटों तक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने वाले वाहन जैसे एम्बुलेंस एवं अन्य आवश्यक सेवा वाहन भी घंटों तक फंसे रहते हैं। यह स्थिति जनसुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत चिंताजनक मानी जा रही है।

जनहित को ध्यान में रखते हुए इस समस्या के समाधान हेतु एसडीएम डभरा को पत्र प्रेषित किया गया है। पत्र में निर्माण कार्य से संबंधित ठेकेदार को निर्देशित करने की मांग की गई है कि त्वरित रूप से वालंटियर्स या यातायात व्यवस्था कर्मियों की नियुक्ति की जाए तथा दोनों ओर से 05–05 मिनट के अंतराल में पाली-पाली मार्ग संचालन प्रणाली लागू की जाए, ताकि यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।

साथ ही यह भी सुझाव दिया गया है कि यदि संभव हो तो सड़क पुलिया निर्माण कार्य रात्रि के समय करवाया जाए, जिससे दिन के व्यस्त समय में आमजन को असुविधा न हो। नागरिकों ने प्रशासन से नियमानुसार त्वरित और प्रभावी कार्यवाही की अपेक्षा जताई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गौरव पथ नगर का मुख्य मार्ग है और यहां यातायात का दबाव अत्यधिक रहता है। ऐसे में बिना वैकल्पिक व्यवस्था के निर्माण कार्य किया जाना आमजन के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी शीघ्र संज्ञान लेता है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena