Skip to content

खाकी का मानवीय चेहरा: एडिशनल एसपी अनिल सोनी ने 2 वर्षीय मासूम को मां से मिलाया

रायगढ़, 1 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस की संवेदनशीलता और मानवीय दायित्व का एक प्रेरक उदाहरण रायगढ़ में देखने को मिला, जब रायगढ़ पुलिस के एडिशनल एसपी श्री अनिल कुमार सोनी ने मुख्य सड़क पर भटक रहे एक 2 से 2.5 वर्षीय मासूम बालक को सुरक्षित उसकी मां से मिलाया।

सड़क पर मंडरा रहा था खतरा

दोपहर लगभग 3 बजे एडिशनल एसपी श्री सोनी कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में शामिल होने जा रहे थे। सीएमओ तिराहा के आगे भगवानपुर के पास मेन रोड पर उनकी नजर एक मासूम बालक पर पड़ी, जो अपनी टॉय कार के साथ सड़क के बीचों-बीच खेल रहा था। दोनों ओर से भारी वाहन गुजर रहे थे और उसकी जान को गंभीर खतरा था।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत वाहन रुकवाया और स्वयं उतरकर बच्चे को गोद में उठा लिया। आसपास पूछताछ करने पर परिजनों का पता नहीं चल सका। बालक भी स्पष्ट रूप से कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं था।

स्नेह और धैर्य से मिली पहचान

एडिशनल एसपी ने बच्चे को पास की दुकान से चॉकलेट और बिस्किट दिलाकर शांत किया और प्यार से उससे घर के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद बालक ने इशारों में दिशा बताई। इसी दौरान दो स्थानीय युवक शिवम और भोला पासवान ने भी खोजबीन में सहयोग किया।

एडिशनल एसपी बालक को गोद में लेकर लगभग एक किलोमीटर पैदल चलते हुए भरतपुर मोहल्ले पहुंचे। वहां पहुंचते ही बालक ने अपनी मां को देखते ही पुकारा। उसकी पहचान ‘शौर्य’ के रूप में हुई।

मां की आंखों में राहत के आंसू

बालक की मां ने बताया कि वह काफी समय से बेटे को ढूंढ रही थी। अपने बच्चे को सुरक्षित देखकर उसने राहत की सांस ली और पुलिस अधिकारी का आभार व्यक्त किया।

एडिशनल एसपी श्री अनिल कुमार सोनी ने महिला को बच्चे का विशेष ध्यान रखने और उसे अकेला सड़क पर न छोड़ने की समझाइश दी। इसके बाद उन्होंने शौर्य के सिर पर स्नेहपूर्वक हाथ फेरते हुए अपनी ड्यूटी के लिए प्रस्थान किया।

खाकी सिर्फ वर्दी नहीं, जिम्मेदारी भी

यह घटना दर्शाती है कि खाकी वर्दी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की सुरक्षा और मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर है। रायगढ़ पुलिस की यह संवेदनशील पहल आमजन के बीच विश्वास और सम्मान को और मजबूत करती है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena