Skip to content

खरसिया में न्यायिक क्रांति की शुरुआत: वर्चुअल न्यायालय का उद्घाटन, नई सुविधाओं की रखी गई आधारशिला

खरसिया। छत्तीसगढ़ में न्यायिक अधोसंरचना को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में 1 अप्रैल 2026 को खरसिया में एक महत्वपूर्ण पहल की गई, जहां जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायालय खरसिया का वर्चुअल उद्घाटन एवं न्यायिक अधिकारियों के आवास तथा डिजिटल कंप्यूटर कक्ष निर्माण हेतु आधारशिला कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम ने क्षेत्र में न्यायिक सेवाओं को नई दिशा देने का कार्य किया है और तकनीक आधारित न्याय प्रणाली की ओर एक मजबूत कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम का वर्चुअल शुभारंभ जस्टिस रमेश सिन्हा, मुख्य न्यायाधीश, उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ द्वारा किया गया। वहीं जस्टिस सचिन सिंह राजपूत,जो रायगढ़ जिले के पोर्टफोलियो जज हैं, विशेष रूप से कार्यक्रम में उपस्थित रहे। दोनों ही न्यायमूर्तियों ने अपने संबोधन में न्यायिक प्रणाली को डिजिटल और जनसुलभ बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर खरसिया न्यायालय से श्वेताश्रीवास्तव (एडीजे), Mrinalini (प्रथम श्रेणी न्यायाधीश), मीनाक्षी नाग सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही अधिवक्ता संघ खरसिया के भोगीलाल यादव (अध्यक्ष) एवं युगल वैष्णव (सचिव) के साथ बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया, जिससे आयोजन को व्यापक समर्थन मिला।

कार्यक्रम के दौरान न्यायिक सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और त्वरित बनाने के उद्देश्य से डिजिटल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। वर्चुअल कोर्ट, आधुनिक कंप्यूटर कक्ष और न्यायिक अधिकारियों के लिए बेहतर आवासीय सुविधाएं न केवल कार्यप्रणाली को सुचारू बनाएंगी, बल्कि आम नागरिकों को भी त्वरित न्याय प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होंगी। यह पहल खरसिया और रायगढ़ जिले में न्याय व्यवस्था को तकनीकी रूप से सक्षम और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena