Skip to content

खरसिया में क्लब क्लस्टर स्तरीय कैरियर गाइडेंस कार्यशाला सम्पन्न, टॉपर विद्यार्थियों को मिला विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

खरसिया। खरसिया विकासखंड के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोडतराई में क्लब क्लस्टर स्तरीय कैरियर गाइडेंस कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला में संकुल केंद्र कोडतराई, डोंगीतराई और कछार के अंतर्गत आने वाली प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के कक्षा 5वीं और 8वीं के टॉपर विद्यार्थियों को आगामी वार्षिक परीक्षा के मद्देनजर विषय विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड शिक्षा अधिकारी रायगढ़ संजय कुमार पटेल एवं विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक मनोज कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में तथा संकुल शैक्षिक समन्वयक वीरेंद्र कुमार चौहान, जनेश्वर खरे एवं ओम प्रकाश पटेल के संयोजकत्व में किया गया।

मां सरस्वती की पूजा से हुआ शुभारंभ

कार्यशाला का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य एस. आर. भगत, वरिष्ठ व्याख्याता जी. पी. नायक, प्रधान पाठक प्रेम सिंह दीवान, कार्यालय प्रभारी प्रवीण चतुर्वेदी एवं अन्य गुरुजनों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया।

वार्षिक परीक्षा को लेकर मिला विशेष मार्गदर्शन

हाल ही में सम्पन्न अर्धवार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञ शिक्षकों ने अध्ययन की रणनीति, समय प्रबंधन और विषयवार तैयारी के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। विद्यार्थियों ने पूरे मनोयोग से शिक्षकों के मार्गदर्शन को सुना, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह कार्यशाला उनके लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपना परिचय देते हुए अपने भविष्य के लक्ष्य भी साझा किए। किसी ने डॉक्टर, किसी ने इंजीनियर, तो किसी ने प्रशासनिक सेवा में जाने की इच्छा व्यक्त की। गुरुजनों ने बच्चों को उनके लक्ष्य के अनुरूप विषय चयन, अध्ययन पद्धति और आगे की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति

इस अवसर पर संकुल केंद्र कोडतराई, डोंगीतराई एवं कछार के सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोडतराई के शिक्षक-शिक्षिकाएं—प्रेमा पटेल, प्रमिला खलखो, ममता जॉन कुजूर, मंजू पटेल, मेघा पटेल, वंदना अख्तरी, सरिता भगत, कामिनी पाण्डेय, थान सिंह राठिया, ईश्वर कुमार सारथी, चक्रधर पटेल, गजेंद्र सिंह सिदार, अजय कुमार सिदार, कन्हैया लाल सिदार, परमेश्वर प्रसाद पटेल, श्याम कुमार सिदार, परमेश्वर सिंह कंवर, भूषण कुमार डनसेना, गौरीशंकर जायसवाल, प्रदीप कुमार नायक, दीपक कुमार पटेल, रमेश कुमार पटेल, देवनारायण चौहान एवं अनूप कुमार टोप्पो की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के सफल आयोजन से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ, जो निश्चित रूप से उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri