Skip to content

खरसिया परासकोल मर्डर केस: पुलिस पूछताछ के बाद रमेश लाल चौहान की मौत, डीकेएस अस्पताल की रिपोर्ट ने उठाए कई सवाल

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के खरसिया विधानसभा क्षेत्र के परासकोल मर्डर केस में 45 वर्षीय ग्रामीण रमेश लाल चौहान की पुलिस हिरासत में हुई पूछताछ के बाद मौत ने पूरे सिस्टम को हिला दिया है। रायपुर के DKS सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में इलाज के दौरान रमेश ने अंतिम सांस ली। अस्पताल द्वारा जारी ‘डेथ सर्टिफिकेट’ में मौत का कारण दिमाग में अंदरूनी रक्तस्राव (Intraparenchymal hemorrhage) बताया गया है।

पुलिस पूछताछ के बाद अचानक हालत बिगड़ी

परिवार और गांववालों का दावा है कि रमेश सुबह पूरी तरह स्वस्थ होकर थाने गया था। लेकिन कुछ ही घंटों में उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह लकवाग्रस्त (Paralysis) हो गया। परिजन पुलिस पर सीधे आरोप लगा रहे हैं कि पुलिस पूछताछ के दौरान किसी तरह की शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना ने उसकी मौत का कारण बनी।

रमेश के बड़े भाई ने बताया, “सुबह रमेश स्वस्थ था। थाने से कुछ ही घंटे बाद पुलिस ने हमें फोन कर बताया कि उसकी तबीयत खराब है। हमें सुपुर्दगी के कागज थमा कर अस्पताल भेजा गया।”

डीकेएस अस्पताल की रिपोर्ट ने खड़े किए गंभीर सवाल

अस्पताल की रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि रमेश की मौत का कारण इंट्रापैरेन्काइमल हेमरेज है, यानी दिमाग के अंदरूनी हिस्से में नस फटना और भारी ब्लीडिंग होना।

मेडिकल एक्सपर्ट्स के अनुसार, यह स्थिति आमतौर पर सिर पर गंभीर चोट, अत्यधिक मानसिक तनाव या अचानक ब्लड प्रेशर बढ़ने से होती है।

इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका पर कई सवाल खड़े हो गए हैं:

क्या पूछताछ के दौरान रमेश को किसी तरह की चोट लगी? अगर चोट नहीं लगी, तो क्या पुलिस हिरासत में इतना मानसिक या शारीरिक दबाव दिया गया कि उसकी नस फट गई?

निर्दोष ग्रामीण की जान गई, असली आरोपी कोई और!

परासकोल हत्याकांड का असली आरोपी महज ₹3,000 के विवाद वाला कोई अन्य युवक निकला। लेकिन निर्दोष रमेश की मौत ने पूरे न्यायिक और पुलिस सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा कर दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर नजरें

हालांकि डेथ सर्टिफिकेट ने मौत का कारण स्पष्ट कर दिया, लेकिन असली ट्रिगर और घटना की पूरी सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट (PM Report) के आने के बाद ही सामने आएगी।

सूत्रों के अनुसार, रायपुर में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पोस्टमार्टम किया जा रहा है। कांग्रेस समेत विपक्ष पहले ही उच्चस्तरीय जांच की मांग कर चुका है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena