Skip to content

खनिज प्रभावित क्षेत्र छाल मुख्य मार्ग पर पक्की सड़क निर्माण को मिली गति, हाटी से पुरुंगा तक बनेगी नई मुरूम सड़क

रायगढ़, 21 फरवरी 2026।

रायगढ़ जिले के खनिज प्रत्यक्ष उत्खनन से प्रभावित क्षेत्र छाल सहित आसपास के अंचलों में सड़क अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। लगभग साढ़े चार से पांच किलोमीटर लंबे छाल मुख्य मार्ग के पक्कीकरण के लिए करीब 22 करोड़ रुपए की कार्ययोजना तैयार की गई है। यह निर्माण कार्य जिला खनिज न्यास (DMF) मद एवं CSR मद के संयुक्त सहयोग से संपन्न होगा।

मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप पहल

प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप खनिज प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने क्षेत्र भ्रमण कर ग्रामीणों की मांग सुनी।

ग्रामीणों ने खरसिया से छाल पहुंच मार्ग के लगभग 4-5 किलोमीटर लंबे जर्जर हिस्से के पक्कीकरण की मांग रखी। उन्होंने बताया कि वर्तमान सड़क अत्यंत खराब अवस्था में है, जिससे किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को गंभीर परेशानी उठानी पड़ रही है। इस पर कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि तैयार कार्ययोजना को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जाएगा।

हाटी से पुरुंगा तक मुरूम सड़क निर्माण

भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने हाटी से पुरुंगा तक जंगलों के बीच से गुजरने वाले कच्चे मार्ग को मुरूम सड़क के रूप में विकसित करने की मांग भी रखी। कलेक्टर ने स्थल निरीक्षण कर सड़कों की स्थिति का जायजा लिया और धरमजयगढ़ वन मंडलाधिकारी से दूरभाष पर चर्चा कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए मार्ग निर्माण के लिए सैद्धांतिक सहमति प्रदान की।

ग्रामीणों के अनुसार यह वनांचल क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है। मुख्य पक्की सड़कों से जाने पर दूरी अधिक पड़ती है, जबकि इस जंगल मार्ग से समय और श्रम दोनों की बचत होती है। किसान हाटी और छाल के बीच आवागमन के लिए इसी रास्ते का उपयोग करते हैं, वहीं स्कूली छात्र-छात्राएं भी विद्यालय पहुंचने के लिए इसी मार्ग से गुजरते हैं।

हाथी विचरण क्षेत्र में मिलेगी राहत

उक्त क्षेत्र हाथी विचरण क्षेत्र के रूप में भी चिन्हांकित है। वर्तमान में सड़क की खराब स्थिति के कारण आवागमन जोखिमपूर्ण हो गया है। प्रस्तावित मुरूम सड़क निर्माण से स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी।

ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ

प्रस्तावित पक्की एवं मुरूम सड़क निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुविधा में व्यापक सुधार होगा। इससे किसानों की उपज के परिवहन, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा ग्रामीणों की दैनिक गतिविधियों में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।

जिला प्रशासन की यह पहल खनिज प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत संरचना सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena