Skip to content

कोरबा में 12वीं के छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड नोट बरामद

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर आईटीआई बस्ती में 17 वर्षीय छात्र ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान उज्जवल डनसेना उर्फ ध्रुव के रूप में हुई है, जो एसईसीएल डी ए वी पब्लिक स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था।

परीक्षा के दिन सामने आई घटना

जानकारी के अनुसार, उज्जवल कॉमर्स संकाय का छात्र था और बी सेक्शन में क्लास मॉनिटर भी था। बुधवार को सुबह 10 बजे से 1 बजे तक उसका फिजिकल एजुकेशन का पेपर सेंट जेवियर स्कूल में निर्धारित था, लेकिन वह परीक्षा केंद्र नहीं पहुंचा। इस पर स्कूल के कुछ शिक्षक उसके घर पहुंचे।

घर का दरवाजा अंदर से बंद था और अंदर टीवी व गाने तेज आवाज में चल रहे थे। काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो खिड़की से झांककर देखा गया, जहां छात्र पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल 112 और सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई।

सुसाइड नोट बरामद

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। सिविल लाइन थाना की टीम ने घटनास्थल से अंग्रेजी में लिखा एक सुसाइड नोट बरामद किया है। प्रतीक चतुर्वेदी (सीएसपी कोरबा) ने बताया कि नोट में मृत्यु के बाद शव को मेडिकल कॉलेज को सौंपने की बात लिखी गई है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है।

पारिवारिक पृष्ठभूमि

बताया जा रहा है कि उज्जवल के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपनी बड़ी बहन डिंपी डनसेना और जीजा इंद्र के साथ रह रहा था। उसकी बहन गोपालपुर क्षेत्र के एक स्कूल में शिक्षिका है।

पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

⚠️ महत्वपूर्ण सूचना: यदि आप या आपके आसपास कोई मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो तुरंत परिजनों से बात करें या विशेषज्ञ सहायता लें। सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन किरण (1800-599-0019) जैसे नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। जीवन अनमोल है, मदद उपलब्ध है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena