Skip to content

कोरबा में भीषण सड़क हादसा: हाइवा-पिकअप की टक्कर में दो की मौत, एक घायल

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शुक्रवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरगा चौकी के पास केंदाई हसदेव ब्रिज पर तेज रफ्तार हाइवा और पिकअप वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में हाइवा चालक विनोद यादव और उसके हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा में चावल की बोरियां लदी थीं, जबकि पिकअप में सब्जियां भरी हुई थीं। हसदेव पुल के मोड़ पर तेज गति के कारण हाइवा ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हाइवा चालक वाहन में फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

हादसे के बाद सड़क पर सब्जियां और चावल की बोरियां बिखर गईं। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जेसीबी मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। घायल पिकअप चालक का उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena