Skip to content

कोरबा में बुलडोजर एक्शन: 90 एकड़ सरकारी जमीन कराई खाली

135 कब्जाधारियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

कोरबा। जिले में जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 90 एकड़ सरकारी जमीन को मुक्त कराया। यह कार्रवाई दर्री के केसी जैन मार्ग पर की गई, जहां लंबे समय से अवैध कब्जों की शिकायतें मिल रही थीं।

नोटिस के बाद भी नहीं खाली की जमीन

जानकारी के अनुसार, कटघोरा एसडीएम तन्मय खन्ना ने 135 कब्जाधारियों को पूर्व में नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद कब्जाधारियों ने जमीन खाली नहीं की।

बताया जा रहा है कि प्रत्येक व्यक्ति ने 60 से 70 डेसिमल जमीन पर कब्जा कर रखा था। अधिकांश कब्जाधारी कथित तौर पर बड़े ठेकेदार और संपन्न वर्ग से जुड़े बताए जा रहे हैं।

फार्म हाउस और पक्के मकान ढहाए गए

अवैध रूप से कब्जाई गई जमीन पर पक्के मकान, सीट-छज्जा वाले घर और फार्म हाउस बनाए गए थे। प्रशासन के मुताबिक, इन स्थानों का दुरुपयोग भी किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान 4 से 5 जेसीबी मशीनें लगाई गईं। कुछ लोग अपना सामान निकालने में सफल रहे, जबकि कई संरचनाएं बुलडोजर से ध्वस्त कर दी गईं।

प्रशासन और पुलिस की संयुक्त मौजूदगी

कार्रवाई के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से विमल पाठक समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। नगर निगम का तोड़ू दस्ता भी टीम के साथ सक्रिय रहा।

प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

यह बुलडोजर एक्शन जिले में अवैध कब्जों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena