Skip to content

कोरबा में गैस संकट पर फूटा जनता का गुस्सा: सिलिंडर की कमी और महंगाई के खिलाफ AAP की शव यात्रा, सरकार की नीतियों पर उठे गंभीर सवाल

कोरबा। जिले के भैंसमा तहसील में शुक्रवार शाम आम आदमी पार्टी (AAP) ने रसोई गैस सिलिंडर की कमी और बढ़ती कीमतों के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गैस सिलिंडर की “शव यात्रा” निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया और बाद में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने गैस आपूर्ति में अनियमितता और आम जनता को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया।

आप नेताओं ने सरकार के “गैस की कोई कमी नहीं” वाले दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे जनता को गुमराह करने वाला बताया। उनका कहना है कि यदि वास्तव में गैस की कोई कमी नहीं है, तो आम लोगों को सिलिंडर के लिए लंबी कतारों में क्यों खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री की 500 रुपये में गैस सिलिंडर देने की गारंटी को भी विफल बताते हुए कहा कि आज घरेलू गैस भी समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जबकि कीमतों में लगातार वृद्धि से आम आदमी पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान यह भी आरोप लगाया गया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के चलते छत्तीसगढ़ में एलपीजी और कमर्शियल गैस की आपूर्ति गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। इसका असर न केवल घरेलू उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है, बल्कि होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय भी इससे बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। गैस की कमी के कारण जहां आम लोगों का दैनिक जीवन बाधित हो रहा है, वहीं व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

आम आदमी पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि गैस आपूर्ति को नियमित और पारदर्शी बनाया जाए, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई हो तथा शिकायतों के त्वरित समाधान की व्यवस्था लागू की जाए। इस प्रदर्शन में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिन्होंने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर आम जनता को राहत देने की मांग की।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri