Skip to content

कोरबा में खौफनाक वारदात: सोते बुजुर्ग पर हमला, आंख निकाली; ‘बच्चा चोर गिरोह’ की अफवाह से दहशत

कोरबा । कोरबा जिले के चैतमा चौकी अंतर्गत ग्राम बर्रा में मंगलवार देर रात एक बेहद भयावह और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। 80 वर्षीय बुजुर्ग हीरा सिंह अपने घर में सो रहे थे, तभी देर रात अज्ञात हमलावर घर में घुस आए और उन पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने इतनी क्रूरता दिखाई कि बुजुर्ग की एक आंख को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने के कारण उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है और स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में ‘बच्चा चोर गिरोह’ के सक्रिय होने की अफवाह तेजी से फैल गई है, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल गहरा गया है। ग्रामीण रात में पहरा देने को मजबूर हो गए हैं और बाहरी लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। हालांकि पुलिस ने अब तक ऐसी किसी गिरोह की पुष्टि नहीं की है और मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। चैतमा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ कर दी है, आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें, वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena