Skip to content

कोरबा जेल में नवरात्रि की भक्ति: 9 दिन विशेष पूजा, 6 कैदियों ने रखा व्रत

कोरबा । कोरबा जिला जेल में नवरात्रि के अवसर पर इस बार भक्ति और श्रद्धा का विशेष माहौल देखने को मिल रहा है। नवरात्रि के पहले दिन से ही आदिशक्ति मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना शुरू हो चुकी है, जो पूरे नौ दिनों तक जारी रहेगी। जेल परिसर में बंद लगभग 200 महिला और पुरुष कैदियों के बीच धार्मिक आस्था का माहौल बना हुआ है, जहां कई बंदी नियमित रूप से पूजा-पाठ में भाग ले रहे हैं। इस दौरान जेल के भीतर एक शांत, अनुशासित और सकारात्मक वातावरण देखने को मिल रहा है, जो आम दिनों से अलग महसूस किया जा रहा है।

इसी बीच 6 कैदियों 2 महिलाएं और 4 पुरुष को नौ दिनों का उपवास रखने की अनुमति दी गई है। इन कैदियों ने नवरात्रि व्रत के लिए आवेदन दिया था, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उनकी स्वास्थ्य जांच कराई। जांच में सक्षम पाए जाने पर ही उन्हें उपवास की अनुमति दी गई। व्रत रखने वाले कैदियों के लिए विशेष फलाहार की व्यवस्था की गई है, जिसमें दूध, फल, साबूदाना और आलू से बने खाद्य पदार्थ शामिल हैं। इनके लिए अलग से मेनू तय किया गया है और समयानुसार भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि उनकी आस्था के साथ-साथ स्वास्थ्य का भी पूरा ध्यान रखा जा सके।

जेल प्रभारी अमितेश साहू ने बताया कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं और उपवास रखने वाले कैदियों की नियमित निगरानी की जा रही है। पूजा-अर्चना के लिए अलग स्थान और सामग्री की व्यवस्था भी की गई है। वहीं, कटघोरा जिला जेल में भी इसी तरह की व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। प्रशासन का मानना है कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से कैदियों के भीतर सकारात्मकता और आत्मिक शांति का संचार होता है, जिससे उनके व्यवहार और मानसिक स्थिति पर भी अच्छा प्रभाव पड़ता है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena