Skip to content

किरोड़ीमल नगर पंचायत में फूटा जनाक्रोश: नाली निर्माण पर घमासान, वार्डवासियों ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन; सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर काम रोकने की चेतावनी

नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर फिर उठे पारदर्शिता के सवाल

रायगढ़। शहर के रायगढ़ जिले अंतर्गत किरोड़ीमल नगर नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 2 में प्रस्तावित नाली निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय बाशिंदों ने नाली निर्माण कार्य का विरोध करते हुए नगर पंचायत के सीएमओ के नाम लिखित ज्ञापन सौंपा है और निर्माण कार्य तत्काल बंद कराए जाने की मांग की है।

वार्डवासियों का कहना है कि क्षेत्र में नाली निर्माण की आवश्यकता नहीं है, बल्कि आजाद चौक मार्ग का चौड़ीकरण अधिक जरूरी है।

पहले से है जल निकासी की व्यवस्था

स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड क्रमांक 2 की भूमि उच्च स्तरीय (ऊंचाई पर स्थित) है, जिससे घरों का गंदा पानी पीछे निर्मित नाली से स्वतः निकासी हो जाता है। ऐसे में नई नाली बनाना अनावश्यक और सार्वजनिक धन की बर्बादी बताया जा रहा है।

विवाद उस समय बढ़ा जब नगर पंचायत के अधिकारी और इंजीनियर नापजोख के लिए पहुंचे। आरोप है कि सड़क के दोनों ओर माप लेने के बजाय केवल एक तरफ से माप लिया गया, जिससे वार्डवासियों में असंतोष फैल गया। लोगों ने इसे असंतुलित योजना बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई।

सड़क चौड़ीकरण की उठी मांग

ज्ञापन में वार्डवासियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नाली निर्माण से अधिक आवश्यकता सड़क चौड़ीकरण की है। विशेष रूप से आजाद चौक मार्ग को संकरा बताते हुए दोनों छोर से समान भूमि मापकर चौड़ीकरण करने की मांग रखी गई है, ताकि यातायात सुगम हो सके और भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।

अनियमितताओं के आरोप

नगर पंचायत में विकास कार्यों के क्रियान्वयन को लेकर पहले भी अनियमितताओं के आरोप लगते रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता का अभाव दिखाई देता है और शासकीय भूमि के उपयोग को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं।

वार्डवासियों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों को स्थिति की जानकारी होने के बावजूद लापरवाही बरती जा रही है, जिससे गड़बड़ी करने वालों का मनोबल बढ़ता है।

अब देखना यह होगा कि नगर पंचायत प्रशासन वार्डवासियों की मांगों पर क्या निर्णय लेता है और क्या नाली निर्माण कार्य पर रोक लगाकर सड़क चौड़ीकरण को प्राथमिकता दी जाएगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena