Skip to content

कापू पुलिस ने सुलझाई अंधी हत्या की गुत्थी, उधारी विवाद में युवक की गला दबाकर हत्या

कापू । रायगढ़ जिले की कापू पुलिस ने ग्राम कुम्हीचुआ में हुए चर्चित अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि उधारी रकम को लेकर उपजे विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। आरोपी ने युवक की गला और मुंह दबाकर हत्या कर दी और बाद में शव को घर के पीछे फेंककर साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया।

मामला 27 अप्रैल 2026 का है, जब ग्राम कुम्हीचुआ निवासी 30 वर्षीय देवव्रत तुरी का शव उसके निर्माणाधीन मकान के पीछे बाड़ी में संदिग्ध अवस्था में मिला था। सूचना मिलने पर थाना कापू पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां रिपोर्ट में दम घुटने और गले की हड्डी टूटने से मौत होना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को ग्राम कुम्हीचुआ निवासी करमसाय नगेसिया पर संदेह हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां शुरू में आरोपी लगातार गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि मृतक से उधारी रकम को लेकर उसका विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसने देवव्रत तुरी की हत्या कर दी और शव को घर के पीछे फेंककर मामले को छिपाने का प्रयास किया।

इस मामले में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि उधारी विवाद में हत्या कर साक्ष्य छिपाने जैसे जघन्य अपराध का कापू पुलिस ने प्रोफेशनल तरीके से पर्दाफाश किया है। उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri