Skip to content

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशन में रायगढ़ में होगी अहम संगठनात्मक बैठक, जनमुद्दों और रणनीति पर गहन मंथन

रायगढ़ । कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशन एवं जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ (ग्रामीण) के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी के आदेशानुसार 12 अप्रैल 2026, रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय रायगढ़ में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। दोपहर 3:00 बजे प्रस्तावित इस बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत अहम माना जा रहा है, जिसमें जिले भर के ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, सेक्टर एवं बूथ स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे।

बैठक में संगठन के वर्तमान ढांचे की विस्तृत समीक्षा की जाएगी, जिसमें ब्लॉक एवं मंडल समितियों की सक्रियता, उनके कार्यों की प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना पर गंभीरता से चर्चा होगी। पार्टी नेतृत्व का मुख्य फोकस संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने, निष्क्रिय इकाइयों को पुनः सक्रिय करने और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर रहेगा। इसके साथ ही पंचायत, सेक्टर और बूथ समितियों के गठन एवं पुनर्गठन को लेकर भी ठोस रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि हर स्तर पर संगठन की पकड़ मजबूत हो सके।

इस बैठक में केवल संगठनात्मक विषय ही नहीं, बल्कि जिला एवं प्रदेश से जुड़े ज्वलंत जनहित मुद्दों पर भी विस्तार से मंथन किया जाएगा। मनरेगा,बिजली व्यवस्था, शिक्षा, बेरोजगारी, किसान समस्याओं सहित आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस की आगामी भूमिका तय की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, पार्टी इन मुद्दों पर जनआंदोलन, धरना-प्रदर्शन और जनसंपर्क अभियान को तेज करने की दिशा में भी निर्णय ले सकती है, जिससे जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जा सके।

जिला कांग्रेस नेतृत्व द्वारा सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की विस्तृत संगठनात्मक रिपोर्ट के साथ बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। इससे जमीनी स्तर की वास्तविक स्थिति का आकलन कर आगे की रणनीति को प्रभावी बनाया जा सकेगा। बैठक की प्रतिलिपि वरिष्ठ नेताओं एवं प्रदेश संगठन को भी प्रेषित की गई है, जिससे यह स्पष्ट है कि यह बैठक केवल औपचारिक नहीं बल्कि आगामी राजनीतिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कुल मिलाकर, यह बैठक कांग्रेस संगठन के लिए नई ऊर्जा और दिशा तय करने का मंच साबित हो सकती है, जिसमें जमीनी सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ जनहित के मुद्दों पर आक्रामक रणनीति अपनाने के संकेत भी मिल रहे हैं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena