Skip to content

उद्घाटन से पहले ही बहने लगा भ्रष्टाचार?

5.21 करोड़ का एनीकट बना “लीकेज मॉडल”, ठेकेदार गायब, किसान परेशान

रायगढ़ । रायगढ़ जिले के बेलरिया गांव में कुर नाला पर 5.21 करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया एनीकट उद्घाटन से पहले ही भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। जिस परियोजना से किसानों को सिंचाई और ग्रामीणों को निस्तारी सुविधा मिलने की उम्मीद थी, वही अब ग्रामीणों की चिंता और नाराजगी का कारण बन गई है। पानी रोकते ही एनीकट के 8 में से 6 गेट से रिसाव शुरू हो गया, जिससे निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया गया। एनीकट के दोनों तरफ पचरी और मिट्टी फिलिंग का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। इतना ही नहीं, खेतों तक पानी पहुंचाने वाली पाइपलाइन और सोलर पैनल का काम भी शुरू नहीं हुआ। दूसरी ओर, खेतों से निकलने वाले पानी के प्राकृतिक रास्ते को निर्माण के दौरान बंद कर दिया गया, जिससे खेतों में जलभराव की स्थिति बनने लगी है और किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में यह निर्माण कार्य खरसिया के एक ठेकेदार को दिया गया था, जिसे 11 महीने में पूरा करना था। बाद में एक्सटेंशन लेकर दिसंबर 2025 तक काम पूरा करने का दावा किया गया। लेकिन अब जब एनीकट में पानी रोका गया, तो गेटों से भारी लीकेज सामने आ गया। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार अधूरा काम छोड़कर गायब हो गया है।

बेलरिया के सरपंच द्वारा जनदर्शन में शिकायत किए जाने के बाद जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभागीय अधिकारियों ने भी गेट में समस्या स्वीकार की है। हालांकि विभाग का कहना है कि अभी केवल कंक्रीट कार्य पूरा हुआ है और एनीकट का हैंडओवर नहीं हुआ है। एसडीओ दुर्गेश नायक के अनुसार लीकेज को ठीक कराया जाएगा तथा शेष कार्य भी कराया जाएगा, अन्यथा भुगतान रोका जाएगा।

करीब 2 हजार की आबादी वाले बेलरिया ग्राम पंचायत और आसपास के गांवों के लगभग 250 एकड़ खेतों को इस परियोजना से सिंचाई लाभ मिलना था। लेकिन वर्तमान स्थिति देखकर ग्रामीणों में यह डर बढ़ गया है कि करोड़ों की यह योजना कहीं भ्रष्टाचार का स्मारक बनकर न रह जाए। शुरुआती चरण में ही लीकेज, अधूरा निर्माण और ठेकेदार की अनुपस्थिति ने प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब ग्रामीण मांग कर रहे हैं कि पूरे निर्माण की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri