Skip to content

ईएसआईसी अस्पताल रायगढ़ में श्रमिकों को मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

सेवाओं के विस्तार से इलाज हुआ सरल, भर्ती सुविधा जल्द होगी शुरू

रायगढ़ । रायगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में ईएसआईसी अस्पताल में लगातार सुधार किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन और कर्मचारी राज्य बीमा निगम के समन्वित प्रयासों से अब श्रमिकों को पहले की अपेक्षा अधिक सुलभ, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो रही है।

इसी क्रम में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अस्पताल की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करने और श्रमिकों को अधिकतम स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान पेयजल, विद्युत आपूर्ति, अपशिष्ट प्रबंधन, चिकित्सकों की उपलब्धता तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया।

कलेक्टर ने अस्पताल में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने और परिवहन सुविधा को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने बस सेवाओं के विस्तार पर भी बल दिया, ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले श्रमिकों की अस्पताल तक पहुंच और अधिक आसान हो सके। इस दौरान नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

पतरापाली स्थित 100 बिस्तरों वाला यह ईएसआईसी अस्पताल बीमित श्रमिकों एवं उनके परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। वर्तमान में अस्पताल में 15 चिकित्सक एवं आवश्यक तकनीकी स्टाफ कार्यरत हैं, जिससे उपचार व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत हुई है। अस्पताल में शीघ्र ही भर्ती सुविधा प्रारंभ किए जाने की तैयारी है, जिससे गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए श्रमिकों को अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

अस्पताल में प्रयोगशाला सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं तथा ऑपरेशन कक्ष सहित अन्य आवश्यक अवसंरचनात्मक कार्यों के लिए स्वीकृति भी मिल चुकी है। साथ ही स्वच्छता बनाए रखने के लिए आधुनिक अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली विकसित की जा रही है और मरीजों एवं स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। जल निकासी व्यवस्था में सुधार के लिए भी कार्य प्रगति पर है।

सहायक श्रमायुक्त ने जानकारी दी कि जिले के सभी उद्योगों के लिए एक रोस्टर प्रणाली लागू की गई है, जिसके तहत कारखाना प्रबंधन क्रमवार अपने श्रमिकों को स्वास्थ्य जांच के लिए ईएसआईसी अस्पताल लाएंगे। साथ ही बीमित श्रमिक स्वयं भी अपने परिवार के सदस्यों के साथ अस्पताल में जांच करा सकते हैं। विभाग द्वारा श्रमिकों को इस योजना के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है।

कर्मचारी राज्य बीमा निगम की योजना संगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा कवच के रूप में कार्य करती है। इसके अंतर्गत श्रमिकों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा, आर्थिक सहायता, मातृत्व लाभ, दुर्घटना मुआवजा तथा पेंशन जैसी सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। इस योजना में कर्मचारी और नियोक्ता दोनों का अंशदान होता है, जिससे श्रमिकों को व्यापक सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित होती है।

कुल मिलाकर, ईएसआईसी अस्पताल रायगढ़ में हो रहे ये सुधार न केवल श्रमिकों के स्वास्थ्य स्तर को बेहतर बनाएंगे, बल्कि औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत हजारों परिवारों के लिए एक मजबूत स्वास्थ्य सुरक्षा तंत्र भी स्थापित करेंगे।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena