Skip to content

अम्बिकापुर में खेलों का महाकुंभ: 21 मार्च से सरगुजा ओलंपिक 2026 का आगाज, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे शुभारंभ

अम्बिकापुर। सरगुजा ओलंपिक-2026 के संभागस्तरीय खेलों का भव्य आयोजन 21 से 23 मार्च तक अम्बिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस बड़े खेल आयोजन का शुभारंभ 21 मार्च को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं खेलकूद मंत्री अरुण साव करेंगे, जबकि प्रदेश के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलेक्टर अजीत वसंत ने अधिकारियों की बैठक लेकर मंच, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, शौचालय, आवास, भोजन, चिकित्सा और आवागमन जैसी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खिलाड़ियों और आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही खिलाड़ियों के ठहरने वाले स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, महिला दल और होमगार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।

कार्यक्रम के मद्देनजर पार्किंग व्यवस्था भी सुव्यवस्थित की गई है। अलग-अलग मार्गों से आने वाले लोगों के लिए किसान राइस मिल मैदान (पी-01), बीटीआई ग्राउंड (पी-02), सर्कस ग्राउंड (पी-03), बनारस रोड स्थित खाली प्लॉट (पी-04) और पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान (पी-05) को पार्किंग स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है। वीआईपी और मीडिया के लिए प्रवेश बीटीआई ग्राउंड के सामने स्थित गेट से ही सुनिश्चित किया गया है।

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा कर दिया है और आमजनों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है। सरगुजा ओलंपिक-2026 को जिले के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ी और दर्शकों की भागीदारी होने की संभावना है, जिससे क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच मिलने के साथ उत्सव जैसा माहौल बनेगा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri