Skip to content

अंबिकापुर में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई: 37 अवैध मकान जमींदोज, 5 एकड़ जमीन मुक्त; JCB पर पथराव से तनाव

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर स्थित गंगापुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 37 अवैध मकानों पर बुलडोजर चला दिया। सुबह करीब 6 बजे भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शुरू हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रशासन की टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस और लोगों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब कुछ लोगों ने जेसीबी मशीन पर पथराव कर दिया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हालात को जल्द ही नियंत्रित कर लिया और कार्रवाई जारी रही।

बताया जा रहा है कि जिस जमीन पर यह निर्माण किए गए थे, वह शासकीय भूमि है, जिसे चिकित्सा महाविद्यालय प्रबंधन को आवंटित किया गया था। आरोप है कि राजनीतिक संरक्षण प्राप्त जमीन माफिया ने इस भूमि को 50 से 60 हजार रुपये प्रति डिसमिल की दर से बेच दिया। कई परिवारों ने 2.5 से 3 लाख रुपये तक खर्च कर यहां मकान बना लिए थे और वर्षों से रह रहे थे।

जिला प्रशासन ने करीब एक वर्ष पूर्व ही कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर जमीन खाली करने के निर्देश दिए थे, लेकिन निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद मजबूरन प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।

कार्रवाई के दौरान लोगों ने अपने घरों से सामान बाहर निकाला, जिसके बाद बुलडोजर से निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान में करीब 5 एकड़ सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। वहीं, दो मकानों को न्यायालय के स्थगन आदेश के कारण नहीं तोड़ा गया।

मौके पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) फागेश सिन्हा, तहसीलदार उमेश बाज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

इधर, शहर के मठपारा, चाउरपारा और परिवहन नगर जैसे क्षेत्रों में भी शासकीय जमीन की अवैध बिक्री के मामले सामने आने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई होती, तो कई परिवारों को इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena