Skip to content

अंबिकापुर-दिल्ली हवाई सेवा मार्च से शुरू, बिलासपुर होगा स्टॉपेज; किराया 4500–6000 रुपए

सरगुजा। अंबिकापुर से दिल्ली के लिए बहुप्रतीक्षित हवाई सेवा मार्च के अंतिम सप्ताह से शुरू होने जा रही है। एलायंस एयर की फ्लाइट माँ महामाया एयरपोर्ट दरिमा से सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार उड़ान भरेगी। यह विमान बिलासपुर में स्टॉपेज लेते हुए दिल्ली पहुंचेगा। अनुमान है कि किराया 4500 से 6000 रुपए के बीच रहेगा।

72-सीटर ATR विमान से होगी उड़ान

कंपनी 72-सीटर ATR विमान का संचालन करेगी। फिलहाल एलायंस एयर बिलासपुर से दिल्ली के बीच सप्ताह में तीन दिन सेवा दे रही है। नए शेड्यूल में सोमवार को अतिरिक्त उड़ान जोड़ते हुए अंबिकापुर को भी कनेक्ट किया जा रहा है। बिलासपुर-दिल्ली रूट पर सामान्य बेस फेयर 4000 रुपए से अधिक रहता है, ऐसे में अंबिकापुर कनेक्टिविटी के साथ 4500–6000 रुपए का किराया संभावित है।

पहले फ्लाई बिग ने शुरू की थी सेवा

अंबिकापुर एयरपोर्ट से दिसंबर 2024 में हवाई सेवा की शुरुआत फ्लाई बिग ने उड़ान 4.2 योजना के तहत की थी। 19-सीटर विमान से रायपुर और बिलासपुर के लिए सेवा शुरू हुई, लेकिन अनियमित संचालन के कारण यह सेवा लगभग छह महीने बाद बंद हो गई और पिछले छह महीनों से पूरी तरह ठप है। अब एलायंस एयर की एंट्री से क्षेत्र को स्थिर और नियमित कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

सांसद ने किया स्वागत, इंडिगो से भी चर्चा

सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने सेवा शुरू होने का स्वागत किया है। उन्होंने बताया कि इंडिगो के साथ भी चर्चा हुई है और मुख्यमंत्री के साथ दो दौर की बैठक में अंबिकापुर को और बेहतर कनेक्टिविटी देने का मुद्दा उठाया गया है। इंडिगो रायपुर से अंबिकापुर होते हुए प्रयागराज तक उड़ान शुरू करने की दिशा में प्रयासरत है।

एलायंस एयर के बारे में

एलायंस एयर देश की प्रमुख क्षेत्रीय विमानन कंपनियों में से एक है। पहले यह एयर इंडिया के स्वामित्व में थी, लेकिन विनिवेश के बाद यह भारत सरकार की स्वतंत्र व्यावसायिक इकाई के रूप में कार्य कर रही है। वर्तमान में कंपनी प्रतिदिन 137 घरेलू उड़ानें संचालित करती है और 57 शहरों को जोड़ती है। छत्तीसगढ़ में रायपुर से हैदराबाद और जगदलपुर के लिए भी इसकी सेवाएं उपलब्ध हैं।

अंबिकापुर-दिल्ली सीधी कनेक्टिविटी से सरगुजा संभाग के व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

Screenshot

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri